विजेट आपके ब्लॉग पर

Monday, June 20, 2011

वन्दन हिन्दी

वन्दन हिन्दी ,वन्दन हिन्दी  , जय , जय, जय वंदन  हिन्दी ,
विश्व सदन में , देवनागरी लिपि , अनमोल रतन  हिन्दी .
अद्वितीय निधि अक्षरमाला ,
स्वर व्यंजन अमृतमय प्याला,
तुलसी, सूर, कबीर , बिहारी ,
आराधक रसखान, निराला ,
अलंकार, रस, भाव संजोये तेरे स्वर-व्यंजन हिन्दी
वन्दन हिन्दी, वन्दन हिन्दी   , तेरा हे अभिनन्दन हिन्दी ,.

यश गावें दिनकर,रत्नाकर,
कवि  भरते गागर में सागर ,
जगनिक, घनानन्द , केशव से ,
भूषण,प्रिय हरिऔध गुणाकर,
भारतेन्दु की शक्ति , महादेवी , प्रसाद , चन्दन हिन्दी ,   
वन्दन हिन्दी, वन्दन हिन्दी , तेरा हे अभिनन्दन हिन्दी .

वन्दन जय हे भारत भाषा ,
जन गण मन नवजीवन आशा ,
प्रिय व्याकरण जागरण की लौ ,
यश की नित अभिनव परिभाषा ,
जन्म- जन्म मन वचन कर्म से नित्य रहे बंधन हिन्दी  
   
वन्दन हिन्दी, वन्दन हिन्दी , तेरा हे अभिनन्दन हिन्दी .

No comments: